बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास मिला शव, बुधवार शाम से था लापता
भीमताल। मेहरागांव के गोलूधार क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची भीमताल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के घूरकूना, पोस्ट ऑफिस अंडोली निवासी अमर राम (39) पुत्र बच्ची राम के रूप में हुई है। अमर राम गोलूधार में आकाश कपूर के घर पर कुक का काम करता था।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब छह बजे अमर राम बाल कटवाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर आकाश कपूर ने उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास उसका शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी।
सूचना पर एसआई महेंद्र राज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है।
अमर राम के परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

+ There are no comments
Add yours