गुंडा एक्ट में चार आरोपित जिला बदर, डीएम ने कानून व्यवस्था को लेकर दिखाई सख्ती

Estimated read time 1 min read





एक जनवरी से आठ अक्टूबर तक 98 अराजक तत्वों पर हुई जिला बदर की कार्रवाई

भीमताल। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों को जिला बदर किया गया है।

न्यायालय अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बनभूलपुरा निवासी शाहनवाज अंसारी उर्फ आतू को छह माह, अभिमन्यु सागर उर्फ सन्नी सागर को तीन माह और रिजवान इलियास को दो माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, बिंदुखत्ता निवासी विष्णु आरव को भी दो माह के लिए जिला बदर किया गया है।

जिला बदर की अवधि के दौरान संबंधित व्यक्तियों को नैनीताल जनपद की सीमा से बाहर रहना होगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों के खिलाफ समय-समय पर प्रभावी कदम उठाना जरूरी है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था कायम रहे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

98 लोगों पर जिला बदर की कार्रवाई

जिला प्रशासन के अनुसार, एक जनवरी 2026 से आठ अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 98 अराजक तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours