खबर का असर: भीमताल में शुरू हुआ बंदर पकड़ो अभियान

Estimated read time 0 min read





भीमताल। नगर क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक और लोगों को काटने की घटनाओं को लेकर उठाई गई आवाज का असर अब दिखाई देने लगा है। समाचार पत्रों में “भीमताल में लोगों को काटने आ रहे बंदर” शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए बंदर पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है।

वन विभाग के रेंजर मेलकानी के निर्देश पर रविवार सुबह काठगोदाम रेस्क्यू सेंटर की टीम भीमताल पहुंची। टीम के सदस्य गिरीश चंद्र और भरत कुमार के नेतृत्व में वार्ड नंबर दो के डांठ, सांगुड़ी गांव, रामनिवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिंजरे लगाए गए। अभियान के दौरान कई उत्पाती बंदरों को पकड़ लिया गया।

बंदरों के आतंक से परेशान वार्डवासियों ने वन विभाग की कार्रवाई पर खुशी जताई है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने कहा कि नगर के कई हिस्सों में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। उन्होंने बिलासपुर, बिजरौली, नौल, नौकुचियाताल, बाईपास, जून स्टेट, रामलीला मैदान, बाजार क्षेत्र, खुटानी, मेहरा गांव, विनायक, विकास भवन और गोरखपुर समेत पूरे नगर क्षेत्र में अभियान चलाकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की।

उन्होंने अभियान शुरू करने के लिए रेंजर मेलकानी, रेस्क्यू टीम के गिरीश चंद्र, भरत कुमार सहित वन विभाग की पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभियान को नगर के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी आगे जारी रखा जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours