कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश
भीमताल: धारी ब्लॉक के अंतर्गत कसियालेख से चौखुटा-पोखराड़ होते हुए धारी तक जाने वाले मोटर मार्ग पर 5.47 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को मोटर मार्ग पर चल रहे कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मार्ग पर डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया था। इसके बाद शासन से कार्य के लिए 5.47 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई।
गांवों का दौरा कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
मोटर मार्ग के निरीक्षण के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने चाफी, अलचौना, धारी, गजार, चौखुटा, उच्यूरा और जाड़ापानी समेत विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण पर जोर
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सड़कों की स्थिति में सुधार करना प्राथमिकता है।




+ There are no comments
Add yours