नैनीताल जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ, हटाई गई प्रविष्टियों की होगी जांच
युवाओं और पहली बार वोट देने वालों के नाम जोड़ने के लिए लगेंगे विशेष शिविर
भीमताल : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर नैनीताल जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत विशेष मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही सूची से हटाई गई प्रविष्टियों की जांच, दावे-आपत्तियों का निस्तारण और छूट गए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ने के साथ ही अपात्र प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया भी नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी।
घर-घर जाकर जांच करेंगे बीएलओ
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों की हटाई गई प्रविष्टियों की सूची के आधार पर घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे। इस दौरान छूट गए मतदाताओं, युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नए मतदाताओं को पंजीकरण कराने में सहायता दी जाएगी। हटाई गई प्रविष्टियों की सूची जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे विशेष शिविर
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दावे-आपत्तियों और नोटिस से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन कराने और संबंधित समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाएगा।
स्कूलों के माध्यम से भी करेंगे जागरूक
मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला स्वीप समन्वयक रणजीत सिंह नेगी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और ब्लॉक समन्वयकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही नए और पहली बार मतदान करने के पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी होगा प्रचार
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और मीडिया का सहयोग लिया जाएगा। विशेष शिविरों की गतिविधियों, बीएलओ के अनुभवों और पहली बार मतदाता बने युवाओं की प्रतिक्रियाओं से संबंधित फोटो और वीडियो नियमित रूप से प्रसारित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को अभियान का संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और पात्र मतदाताओं के पंजीकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।




+ There are no comments
Add yours