आपदा से किसानों की फसल और खेतों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग

Estimated read time 0 min read





कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मुख्य कृषि अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, फसलों का तत्काल सर्वे कराने की मांग

भीमताल, 9 सितंबर। विगत दिनों आई भारी बारिश और आपदा से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में किसानों और काश्तकारों की तैयार फसलों के साथ खेत, खलिहान और खेतों की मेड़ों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मुख्य कृषि अधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

मनोज शर्मा ने कहा कि साल दर साल आपदा से किसान और काश्तकार प्रभावित हो रहे हैं। प्रत्येक वर्ष इसी सीजन में भारी बारिश के कारण किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो जाती हैं। इसके अलावा खेत और मेड़ लगातार क्षतिग्रस्त होने से किसानों की जोत भूमि भी सिकुड़ रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों और मेड़ों के उचित रखरखाव एवं पुनर्निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी सहायता नहीं मिल पा रही है। आपदा से प्रभावित किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना आवश्यक है।

मनोज शर्मा ने कृषि विभाग से मांग की कि बर्बाद फसलों का तत्काल व्यापक मूल्यांकन कर किसानों को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही खेत, खलिहान और खेतों की मेड़ों को हुए नुकसान का भी गहन सर्वे कराया जाए तथा पुनर्निर्माण के लिए किसानों के खातों में तत्काल धनराशि उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं धारी ब्लॉक के बबियाड़, दुदुली, अमदौ, देवनगर पलड़ा और गुनियालेख ग्राम सभाओं का निरीक्षण किया है। इन क्षेत्रों में आपदा से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित गांवों के किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र समाधान करने की मांग की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours