भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बुधवार को ज्योलिकोट (नैनीताल) में मुख्य मशरूम उत्पादन अधिकारी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने मशरूम उत्पादन को रोजगार का सशक्त माध्यम बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कई युवाओं ने मशरूम उत्पादन के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है, लेकिन दूरस्थ क्षेत्रों में अब तक इसका व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं हो पाने के कारण अनेक युवा इस लाभकारी स्वरोजगार से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में मशरूम उत्पादन का निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ब्लॉक स्तर के साथ-साथ न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक भी आयोजित होने चाहिए। साथ ही पोस्टर, बैनर व अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे जुड़ सकें।
शर्मा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र का जलवायु मशरूम उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल है और यह कार्य उत्साहजनक परिणाम देने वाला है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके कई परिचित कोरोना काल के बाद बड़े पैकेज की नौकरियां छोड़कर मशरूम उत्पादन से जुड़े हैं और आज वे इस क्षेत्र में सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मशरूम उत्पादन को ऐसा स्वरोजगार बताया, जिसमें सफलता की प्रबल संभावना रहती है।
मुख्य मशरूम उत्पादन अधिकारी ने इस बात को स्वीकार किया कि दूरस्थ क्षेत्रों में अभी भी मशरूम उत्पादन के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही भीमताल विधानसभा क्षेत्र में प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन हेतु रोस्टर तैयार किया जाएगा तथा व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने कम स्टाफ की समस्या का भी उल्लेख किया।
इस पर मनोज शर्मा ने कहा कि स्टाफ से संबंधित समस्या को शीघ्र ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के समक्ष रखा जाएगा, ताकि इस कठिनाई का समाधान किया जा सके।

+ There are no comments
Add yours