मेले में महिला स्वयं सहायता समूह के उत्पादों की बिक्री बढ़ने से खिले महिलाओं के चेहरे






भीमताल । अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में आयोजित सहकारिता मेले में शनिवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग नैनीताल की ओर से जागरूकता से भरपूर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बाल विवाह, घरेलू हिंसा, पोषण एवं अनेकता में एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लघु नाटक, पोषण गीत एवं समूह गीत के माध्यम से उपस्थित लोगों को संदेश दिया गया। मेले के मुख्य अतिथि के रूप में मा. दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी एवं मा. दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि रेनू अधिकारी, सचिव/महाप्रबंधक आर.एस. रैना, बाल विकास अधिकारी किरन जोशी, शिल्पा जोशी आदि अधिकारियों ने नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के माध्यम से कुमाऊनी विकास सांस्कृतिक संस्थान, गौलापार हल्द्वानी के कलाकारों ने कुमाऊनी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान/रीप हरीश तिवारी ने विभागीय योजनाओं एवं लाभों की जानकारी दी, वहीं विभिन्न लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए।
मेले में बीपीएल प्रयास समिति के बाल कलाकारों, रचयिता समूह के कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। आंचल कला केंद्र के कलाकारों ने आकर्षक गीतों के साथ ही मतदान जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। भरत योग समिति के नन्हे बच्चों व युवाओं ने योगासन की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। के.सी. कोचिंग सेंटर, नटराज ग्रुप सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाए रखा।
मेले में लगे स्टॉलों पर महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं के चेहरों पर खासा उत्साह और संतोष नजर आया। घरेलू उत्पाद, हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री एवं अन्य सामग्री खरीदने के लिए लोगों की अच्छी भीड़ उमड़ी।
सांध्यकालीन सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि मा. विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत रहे। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। फौजी ललित मोहन जोशी द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मेले के सफल आयोजन में सहकारिता विभाग के जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल, जीएम रैना सहित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारीगणों एवं सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा मेले में उपस्थित समस्त आगंतुकों, प्रतिभागी कलाकारों, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों का आभार व्यक्त किया गया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours