घटनास्थल पहुंचे विधायक कैड़ा, परिजनों को 10 लाख मुआवजा
भीमताल । धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि हेमा देवी सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल जा रही थीं, तभी घर के पास ही तेंदुए ने उन पर हमला कर उन्हें जंगल की ओर उठा ले गया।
घटना के समय महिला के देवर ने शोर मचाकर और पत्थर मारकर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह महिला को लेकर जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जंगल में खोजबीन शुरू की और इसकी सूचना विधायक राम सिंह कैड़ा को दी। सूचना मिलते ही विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन, डीएफओ और वन विभाग की टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद विधायक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को गांव में टीम तैनात करने, पिंजरे लगाने तथा आदमखोर गुलदार को पकड़ने अथवा मारने के निर्देश दिए।
विधायक कैड़ा ने मृतक के परिजनों को मौके पर ही 10 लाख रुपये मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश पर वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुलाकर मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। विधायक कैड़ा ने घटना की जानकारी मिलने पर नैनीताल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात कर क्षेत्र में बढ़ते जंगली जानवरों के हमलों पर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

+ There are no comments
Add yours