भीमताल : शनिवार को पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु के नेतृत्व में स्थानीय लोगों द्वारा तिकोनिया तिराहे भीमताल पर
समस्याओं को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा भीमताल में लगातार बढ़ रहा जाम, स्थानीय बेरोजगारों का पुलिस प्रशासन द्वारा उत्पीड़न, और गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था का अभाव रहा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों व मातृशक्ति ने भाग लिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने में “गूंगा-बहरा प्रशासन होश में आओ”, “बेरोजगारों का उत्पीड़न बंद करो”, “रेस्टोरेंट संचालकों को परेशान मत करो”, “जाम से मुक्ति दिलाओ” जैसे नारों से चौराहा गूंज उठा।
धरना स्थल पर थानाध्यक्ष भीमताल एवं तहसीलदार नैनीताल पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। वार्ता के बाद प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार किया, जिनमें नाव चालकों के लिए पुरानी व्यवस्था को पुनः लागू करना, रामलीला मैदान व अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था शीघ्र करना, स्थानीय बेरोजगारों को किसी भी रूप में परेशान न करने का आश्वासन, बाहरी व्यापारियों का सत्यापन अनिवार्य करना व अवैध रूप से रह रहे लोगों को या तो सत्यापन कराना होगा या व्यापार बंद करना होगा।
पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो भीमताल बाजार बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की होगी।
इस मौके पर पीसी नौगाई, सौरभ रौतेला, आशा आर्य, निर्मला आर्य, गीता देवी, हीरा वल्लभ, योगेश कुमार, रोहित बिष्ट, पंकज कुमार, प्रतिभा जोशी, जगदीश कोटिया, महेश बेस्ट, अमन कुमार, दीपक कुमार, सूरज आर्य, निखिल आर्य, सचिन कुमार, गोकुल मेलकानी, कमल शर्मा सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours