नागरिकों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान, आधार और राशन कार्ड से जुड़े 132 आवेदन निस्तारित
भीमताल । जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियमित रूप से वार्डवार जन सुविधा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड संख्या 23 और 24 में पार्षद कार्यालय हल्द्वानी में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर लगाए गए। दोनों वार्डों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें, राशन कार्ड में नाम जोड़ने-हटाने और नए राशन कार्ड जारी करने की मांग प्रमुख रूप से उठी। अधिकारियों ने कई शिकायतों का समाधान मौके पर किया, जबकि अन्य को विभागीय कार्यवाही हेतु भेजा गया। शिविर में आधार सेवा से संबंधित 57 कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। पूर्ति विभाग से जुड़े 75 आवेदन तथा यूसीसी के 7 आवेदन प्राप्त हुए। इन सभी का निस्तारण मौके पर ही किया गया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और वार्ड 23 व 24 के पार्षद मौजूद रहे। पार्षदों ने जिला प्रशासन का आभार जताया। जिला प्रशासन ने बताया कि जन सुविधा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को आधार, राशन कार्ड, विवाह पंजीकरण, बिजली-पानी जैसी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुँचकर सुविधाओं का लाभ उठाएँ।

+ There are no comments
Add yours