भीमताल: खनस्यूं–रीखाकोट मोटर मार्ग पर पुल का कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरे निर्माण के कारण बनाया गया अस्थायी रास्ता बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाता है, लेकिन विभागीय अधिकारी न तो स्थायी समाधान कर रहे हैं और न ही समय पर डायवर्सन बना रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के पूरे होने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी है। सोमवार को रीखाकोट गांव के लोगों ने अपनी मेहनत से बाइक और पैदल आवागमन के लिए रास्ता तैयार किया, ताकि मंडी में सब्जियां भेजी जा सकें। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल का कार्य पूरा नहीं हुआ तो वे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ धरना देंगे। ग्राम प्रधान टांडा मदन परगांई ने कहा कि रीखाकोट और टांडा गांव पूरी तरह कृषि पर निर्भर हैं। यदि खेत की उपज को भेजने के लिए 7–8 किलोमीटर पैदल चलना पड़े तो सड़क का कोई लाभ नहीं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से पुल का कार्य शीघ्र पूर्ण करने और डायवर्सन तैयार करने की मांग की, ताकि गांव में गाड़ियों का आवागमन सुचारू हो सके। इस मौके पर पान सिंह, कृष्ण सिंह, नन्दन बिष्ट, उमेश जोशी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours