भीमताल। विकास खंड भीमताल के ग्राम प्रधान संगठन का प्रतिनिधि मंडल संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला के नेतृत्व में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से मिला। विकास भवन भीमताल में हुई इस भेंट के दौरान प्रधान संगठन ने भीमताल के ग्रामीण क्षेत्रों—जंगलिया गांव, पांडे गांव, सलडी, जंतवाल गांव, हैड़िया गांव, चेक बहेड़ी, सोनगांव, चांफी, अलचौना सहित अन्य गांवों में जिला विकास प्राधिकरण के विस्तार का कड़ा विरोध जताया। प्रधानों ने कहा कि इन क्षेत्रों के ग्रामीण लोग मेहनत-मजदूरी, पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय से अपनी आजीविका चलाते हैं। वे छोटे-छोटे निर्माण कार्य कर गुजर-बसर करते हैं, लेकिन प्राधिकरण के अधिकारी बिना जनप्रतिनिधियों को सूचना दिए गांवों में प्रवेश कर ग्रामीणों का उत्पीड़न कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। प्रधान संगठन ने भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति सुधारने और अल्ट्रासाउंड मशीन लगाए जाने की भी मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगठन की संरक्षक राधा कुल्याल, पंकज उप्रेती, जितेंद्र चनौतियां, नवीन कुमार, ममता दुमका, मनोज चनौतियां, प्रदीप कुमार, मुकेश पलड़िया, प्रकाश चंद्र, पूर्व प्रधान डी.के. शर्मा, पुरन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल, प्रेम सिंह कुल्याल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours