भीमताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीवान सिंह रावत ने आज विश्वविद्यालय के भीमताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोनगांव स्थित निर्माणाधीन लॉ कॉलेज, अकादमिक ब्लॉक, फार्मेसी ब्लॉक, फार्मेसी प्रयोगशाला, प्रबंधन विभाग में बन रहे अतिथि गृह तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसंधान केंद्र सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परिसर के संकाय सदस्यों और कार्मिकों ने कुलपति रावत का स्वागत किया। यह स्वागत उन्हें एफएनए से सुशोभित होने और आईएनएसए की सदस्यता प्राप्त करने के उपलक्ष्य में किया गया।
कुलपति ने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय को भारत सरकार की पीएम उषा मेरु योजना के तहत 100 करोड़ का अनुदान स्वीकृत हुआ है, जिसके अंतर्गत भीमताल में लॉ कॉलेज और फार्मेसी ब्लॉक का निर्माण ब्रिडकल एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य सरकार के 5 करोड़ रुपये के अनुदान से मंडी परिषद निर्माण शाखा द्वारा एक अकादमिक ब्लॉक और पेयजल निगम द्वारा जैव प्रौद्योगिकी विभाग में अनुसंधान भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विश्वविद्यालय स्वयं की आय से फार्मेसी प्रयोगशाला तथा प्रबंधन विभाग में अतिथि गृह का निर्माण कर रहा है।
कुलपति रावत ने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र से भीमताल परिसर में होटल मैनेजमेंट और लॉ के पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे, जिसके लिए निर्माण कार्य फरवरी 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। भीमताल भ्रमण के दौरान उन्होंने परिसर में चल रही सत्रीय परीक्षाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्रबंध संकायाध्यक्ष प्रो. अमित जोशी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. वीना पांडे, जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष प्रो. तपन नैलवाल, बायोमेडिकल साइंसेज संकायाध्यक्ष प्रो. महेंद्र राणा, एनआईआरएफ संयोजक प्रो. अर्चना नेगी साह, कुलानुशासक डॉ. रिशेंद्र कुमार, डॉ. संतोष उपाध्याय, डॉ. मयंक पांडे, डॉ. लक्ष्मण सिंह रौतेला, अवर अभियंता अतुल कुमार, भगवान चंद्र ध्यानी सहित विभिन्न निर्माण संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours