राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर क्वींस पब्लिक स्कूल में विविध कार्यक्रम, उत्कृष्ट बीएलओ व छात्र-छात्राएं सम्मानित

Estimated read time 1 min read





भीमताल । 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हल्द्वानी स्थित क्वींस पब्लिक स्कूल में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने की। इस दौरान प्री-एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ तथा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग, क्विज, डिबेट आदि प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों के माध्यम से लोकतंत्र में मतदान के महत्व का सशक्त संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार होने के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को अवश्य मतदान करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रस्तुतियों के माध्यम से सकारात्मक सोच के साथ मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचा। नाटिकाओं के माध्यम से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत के लोकतंत्र पर पूरे विश्व का भरोसा है और हमारा निर्वाचन निष्पक्षता एवं निर्भीकता के लिए जाना जाता है। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली वर्ष में चार बार अद्यतन की जाती है, इसलिए सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि आज से 15 वर्ष पूर्व इस तिथि को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। वर्तमान में राज्य में प्री-एसआईआर अभियान चल रहा है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम न जुड़ सके। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने अधिकार को समझते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मतदाता गीत को भारत निर्वाचन आयोग एवं जन-जन तक पहुंचाने की बात भी उन्होंने कही।
कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, मतदाता जागरूकता से संबंधित नुक्कड़ नाटक एवं गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, क्वींस स्कूल के प्रबंधक आर.पी. सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. बी.बी. पाण्डे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours