फेंसिंग में भी आगे आए उत्तराखंड के खिलाड़ी : रेखा आर्या

एशियन कैडेट कप फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत रहा अव्वल, खेल मंत्री ने किया सम्मानित

भीमताल । इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम, गौलापार हल्द्वानी में आयोजित एशियन कैडेट कप फेंसिंग चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में भारत की टीम ने पहला स्थान हासिल कर देश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में 17 एशियाई देशों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीन दिन तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का समापन खेल मंत्री रेखा आर्या की मौजूदगी में हुआ। अंतिम मुकाबला देखने के बाद उन्होंने सभी खिलाड़ियों और टीमों का उत्साहवर्धन किया। खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की बढ़ती संख्या से यहां के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिल रही है। फेंसिंग जैसे खेल में भी राज्य को नई पहचान दिलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल अवस्थापना सुविधाएं मजबूत होती हैं, बल्कि युवाओं का खेलों की ओर रुझान भी बढ़ता है।
रेखा आर्या ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को इनाम राशि के साथ नौकरी भी दे रही है और खेल अवसंरचना को लगातार विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।” उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों का जिक्र करते हुए कहा कि फेंसिंग में उत्तराखंड के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन इस खेल के विकास के लिए अभी काफी काम किया जाना बाकी है। उन्होंने आह्वान किया कि हर घर से एक खिलाड़ी निकलकर प्रदेश को खेलों की भूमि बनाने में योगदान दे। समापन अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस आयोजन की सराहना की है। इस तरह के आयोजन युवाओं के लिए बड़े अवसर लेकर आते हैं और खेलों को नई दिशा देते हैं। इस मौके पर भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अनिल खन्ना, फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, इराक फेंसिंग संगठन के महासचिव हसन घालिब, ईरान फेंसिंग संगठन के अध्यक्ष जायद हसन, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours