नैनीताल जिले में यूसीसी दिवस मनाया गया, एमबीपीजी कॉलेज में हुआ मुख्य कार्यक्रम

Estimated read time 1 min read





भीमताल । राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद नैनीताल के सभी विकास खंडों सहित विभिन्न स्थानों पर यूसीसी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर शत-प्रतिशत यूसीसी पंजीकरण कराने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों तथा यूसीसी से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से विवाह, तलाक, लिव-इन रिलेशन, गोद लेने, भरण-पोषण, संपत्ति एवं उत्तराधिकार जैसे मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में यूसीसी पंजीकरण के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है तथा सभी पात्र नागरिकों से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने यूसीसी लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि पंजीकरण से भविष्य में अधिकार, दावे और उत्तराधिकार से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले की 292 ग्राम सभाओं में शत-प्रतिशत यूसीसी पंजीकरण पूर्ण हो चुका है, जबकि नगर निगम व पालिका क्षेत्रों में पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू किया गया यूनिफॉर्म सिविल कोड एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है, जो प्रदेश से प्रारंभ होकर देशभर के लिए मार्गदर्शक बनेगा। वहीं दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि यूसीसी से विवाह, तलाक एवं संपत्ति में महिलाओं और पुरुषों को समान अधिकार सुनिश्चित हुए हैं।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष कमल किशोर पंत एवं प्रोफेसर अल्का शर्मा ने भी विचार व्यक्त करते हुए यूसीसी को सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और समान न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, रील, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई तथा महिला समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य आभा शर्मा, उपजिलाधिकारी राहुल शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours