वीर जवानों को किया नमन
भीमताल : भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में सोमवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की बड़ी भागीदारी के साथ विधायक राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में निकाली गई। यात्रा की शुरुआत मिनी स्टेडियम से हुई, जो गोरखपुर चौराहे और बाजार से होती हुई रामलीला मैदान तक पहुंची। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के नारों के साथ शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि यह यात्रा वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करने का एक पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया है कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है।और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना पहले से कहीं अधिक सशक्त, सजग और आधुनिक संसाधनों से लैस है। अब हमारे दुश्मन भी जान चुके हैं कि यह नया भारत है, जो गोली का जवाब गोले से देने में सक्षम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आम जनमानस की भारी भागीदारी ने इस यात्रा को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बना दिया। तिरंगा यात्रा में मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, कृष्ण चंद्र, कमलेश रावत, भावना महरा, कमला आर्या, गोपाल कृष्ण भट्ट, नितिन राणा, महेश जोशी, डीके शर्मा, सीमा बोरा, भागरथी पलडिया, पुष्कर महरा, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, प्रदीप पाठक, लाल सिंह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

+ There are no comments
Add yours