जिलाधिकारी वंदना ने कहा– सत्य, अहिंसा और सादगी आज भी देश की राह रोशन करते हैं
भीमताल । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी वंदना ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और सरल जीवन आज विश्व के लिए प्रेरणा है। उनके विचार समाज में समानता, शांति और सौहार्द की राह दिखाते हैं।
लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और “जय जवान-जय किसान” का नारा देश की आत्मनिर्भरता की पहचान है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की ऋणी है। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती स्वच्छता के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तल्लीताल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारतरत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी और राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति स्थलों पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में भी गांधी और शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी विपिन पंत, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दोनों विभूतियों को नमन करते हुए उनके विचारों को अपनाने का संकल्प दोहराया।

+ There are no comments
Add yours