भीमताल : भवाली निगलाट क्षेत्र की दिव्यांग मूकबधिर बालिका नेहा भट्ट की शिक्षा और कौशल विकास बाधित न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सीमित संरक्षक नियुक्त करने का अहम निर्णय लिया है। नेहा भट्ट एवं परिजनों द्वारा न्यायालय में याचिका दायर कर उसकी पढ़ाई सुचारू रखने के लिए सीमित संरक्षक नियुक्त किए जाने की मांग की गई थी। प्रकरण संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमित संरक्षक नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए।
जारी आदेश के अनुसार सीमित संरक्षक बालिका कुमारी नेहा भट्ट की केवल शिक्षा, चिकित्सा देखभाल, दैनिक संरक्षण, विशेष सहायता, प्रशिक्षण, परवरिश, कौशल विकास तथा दिव्यांग बालिका के समग्र कल्याण से जुड़े निर्णयों तक ही सीमित रहेगा। अन्य किसी प्रकार के अधिकार इस दायरे में शामिल नहीं होंगे।
जिलाधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बालिका के परिजनों द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत अनापत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर इंदौर निवासी मनीषा चौधरी को सीमित संरक्षक बनाया गया है। नेहा पूर्व में भी मनीषा चौधरी के साथ रहकर अपनी पढ़ाई करती रही है।
प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और हितों की सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours