भीमताल । धारी ब्लॉक के गुनियालेख ग्राम सभा और बबियाड ग्राम सभा के कालागाड़ी तोक क्षेत्र में एक बार फिर बाघ का आतंक फैल गया है। पिछले तीन दिनों से लगातार अलग-अलग स्थानों पर बाघ के देखे जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। इसका असर स्कूली बच्चों की आवाजाही और ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या पर भी पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बताया कि बीते कई महीनों से क्षेत्र में बाघ की सक्रियता बनी हुई थी। ग्रामीणों ने बार-बार वन विभाग से पैदल मार्गों की सफाई और सोलर लाइट लगाने की मांग की, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते झाड़ियों से पटे रास्तों को साफ कर दिया जाता, तो बाघ को छिपने की जगह नहीं मिलती।
शर्मा ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विभाग केवल आश्वासन देने तक सीमित है। उन्होंने कहा कि बाघ की गतिविधियां समाप्त नहीं हुई थीं, इसके बावजूद विभाग ने गश्त कम कर दी, जिससे अब फिर से बाघ के मूवमेंट बढ़ गए हैं और ग्रामीण दहशत में हैं।
वन विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज होकर मनोज शर्मा ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र में बार-बार बाघ सक्रिय हो रहा है और लोगों को डर के माहौल में जीना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि तत्काल पैदल मार्गों की सफाई कराई जाए, सोलर लाइट लगाई जाए और वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डीएफओ नैनीताल से वार्ता की। डीएफओ ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए सभी मांगों को पूरा करने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमित कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान युगल किशोर पलड़िया और संदीप जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours