खुटियाखाल में बाघ का आतंक, महिला को उठा ले जाने के बाद जंगल में मिला शव

Estimated read time 1 min read





गांव में दहशत, पीड़ित परिवार को मुआवजा व स्थायी समाधान की मांग

भीमताल। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। ताजा मामला धारी ब्लॉक के खुटियाखाल गांव से सामने आया है, जहां बाघ के हमले में गंगा देवी (40 वर्ष) पत्नी जीवन चंद्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गंगा देवी घर के समीप खेत में घेर लगा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और महिला को पकड़कर करीब दो किलोमीटर तक जंगल की ओर घसीटते हुए ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम व ग्रामीणों द्वारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान जंगल से महिला का शव बरामद किया गया।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में दहशत फैल गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर क्षेत्र में बाघ की लगातार सक्रियता के बावजूद ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी बाघ की आवाजाही की सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आदमखोर बाघ को शीघ्र पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए। साथ ही मृतक महिला के परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा दिए जाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान लागू किए जाने की मांग उठाई गई है।
इधर, वन विभाग ने घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours