भीमताल। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजना गरीबों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाई है। नगर का परिसीमन होने के उपरांत पांच साल गुजर जाने के बाद भी नवनिर्वाचित वार्डों के कई गरीब परिवार अपने आशियाने का सपना साकार नहीं कर पाए। वर्ष 2018 में शहरी विकास विभाग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि वर्ष 2014 की योजना में चयनित भीमताल नगर के करीब 33 गरीब परिवारों को किस्त जारी न होने से उनका आवास अधर में लटक गया। कई परिवार अब तक छत और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने बताया कि विभाग से लगातार मांग करने के बावजूद पात्र परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया। नगरवासी अधिकारियों और माननीयों से गुहार लगाते-लगाते थक चुके हैं। उन्होंने नगर प्रशासन एवं जिला प्रशासन से अपील की है कि सभी चयनित पात्रों को शीघ्र लाभ दिलाया जाए, ताकि केंद्र की योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

+ There are no comments
Add yours