स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों की समस्याओं का होगा शीघ्र समाधान : जिलाधिकारी

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार नैनीताल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों व उत्तराधिकार संगठन के सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आश्रितों ने अपनी विभिन्न समस्याएँ रखीं, जिन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना। बैठक में मुख्य रूप से उत्तराधिकार प्रमाण पत्र बनाए जाने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर बने स्मारकों और शिलापटों का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, उत्तराधिकार पेंशन व परिचय पत्र उपलब्ध कराने, सरकार द्वारा आवंटित भूमि पट्टों का नवीनीकरण एवं उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज करने संबंधी मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि जिले में जहाँ-जहाँ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक बने हैं, उनका जीर्णोद्धार और सुधारीकरण शीघ्र कराया जाएगा। उत्तरजीवी प्रमाण पत्र, पेंशन प्रकरण और भूमि आवंटन से संबंधित मामलों का निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी तथा अधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन आश्रितों की पेंशन सुविधाएँ अभी लंबित हैं, वे शीघ्र आवेदन प्रस्तुत करें ताकि नियमानुसार कार्यवाही कर समस्याओं का समाधान किया जा सके। आवंटित भूमि संबंधी मामलों की जाँच प्रशासन स्वयं कर जल्द ही निस्तारित करेगा। इस संबंध में उन्होंने अपर जिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आश्रितों द्वारा स्मारकों के रखरखाव की मांग पर जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका एवं पंचायतों को विशेष सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि आश्रितों को प्राथमिकता के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान की जाएं। बैठक में उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष ललित पंत, जिला अध्यक्ष एन.सी. पांडे, भारत नंदन भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours