भीमताल । विधायक राम सिंह कैड़ा ने गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन में भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने सरकार से किसानों को जंगली जानवरों के आतंक से राहत दिलाने और आवास विहीन गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
सदन में बोलते हुए विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र मुख्य रूप से कृषक बाहुल्य इलाके हैं, जहां अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर होकर अपना जीवन यापन करते हैं। लेकिन बीते कुछ समय से बंदर और जंगली सूअरों के लगातार बढ़ते आतंक से किसान गंभीर रूप से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि किसान सालभर मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है, लेकिन जंगली जानवर एक ही दिन या रात में पूरी फसल को नष्ट कर देते हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसके बावजूद उन्हें नुकसान का उचित मुआवजा भी नहीं मिल पाता है और तारबाड़ की व्यवस्था भी सीमित क्षेत्रों में ही हो पाती है।
विधायक कैड़ा ने सदन में यह भी मुद्दा उठाया कि क्षेत्र में आज भी कई गरीब परिवार आवास विहीन हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को देखते हुए जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस योजना बनाई जाए। साथ ही जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए और आवास विहीन गरीबों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सरकार से किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

+ There are no comments
Add yours