छह साल बाद जगी उम्मीद, 150 वाहनों की होगी क्षमता
भीमताल । नगरवासियों की छह वर्ष पुरानी मांग आखिरकार अब पूरी होने जा रही है। जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बहुप्रतीक्षित पार्किंग परियोजना को मंजूरी देते हुए अक्टूबर माह से निर्माण कार्य शुरू करने की पुष्टि की है। इस योजना के पूरा होने से नगर की विकराल होती जाम समस्या में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी द्वारा लंबे समय से पत्राचार एवं अनवरत प्रयास किए जा रहे थे। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में घोषणा किए जाने के बावजूद विभागीय प्रक्रियाओं के कारण योजना वर्षों तक लंबित रही। अब डीडीए की औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद परियोजना को क्रियान्वयन के चरण में लाया जा रहा है। डीडीए सचिव विजय नाथ शुक्ल ने बताया कि मत्स्य विभाग के समीप बाईपास स्थित भूमि पर यह पार्किंग विकसित की जाएगी। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 150 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता रहेगी। निर्माण कार्य हेतु सभी प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली गई हैं। स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों के लिए यह परियोजना राहत का कारण बनेगी। नगर की मुख्य सड़कों पर जाम से निपटने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में यह पहल अहम मानी जा रही है।

+ There are no comments
Add yours