रानीबाग कलसिया नाले पर बने वैली ब्रिज की बढ़ेगी भार क्षमता, शीघ्र बनेगा नया मोटर पुल

Estimated read time 0 min read





भीमताल (सूवि)। हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत रानीबाग क्षेत्र के कलसिया नाले पर स्थित वर्तमान 32 टन भार क्षमता वाले वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता का नया वैली मोटर ब्रिज शीघ्र निर्मित किया जाएगा। पुल निर्माण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नए पुल के निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था एवं वैकल्पिक मार्ग की योजना को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग कुमाऊं के पहाड़ी जिलों को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पुल निर्माण के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण से पूर्व वैकल्पिक मार्ग की संभावना तलाशते हुए शुक्रवार को संयुक्त निरीक्षण किया जाए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान यातायात बाधित न हो।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता ने जानकारी दी कि नए वैली ब्रिज के निर्माण को तीन माह में पूर्ण करने की कार्य योजना तैयार कर ली गई है। वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के उपरांत शीघ्र ही पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बैठक में पुल निर्माण अवधि के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours