उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ भव्यता व उत्साह के साथ मनाई गई

Estimated read time 0 min read





नैनीताल फ्लैट मैदान में हुआ रजत जयंती समारोह, राज्य आंदोलनकारियों और समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

भीमताल। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर नैनीताल के फ्लैट मैदान में रजत जयंती समारोह भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अध्यक्ष नगर पालिका सरस्वती खेतवाल और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित राज्य आंदोलनकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि यह पूरे राज्यवासियों के लिए गर्व का क्षण है कि उत्तराखण्ड अपने विकास के 25 वर्ष पूरे कर चुका है। बीते वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन में लोगों के बलिदान के कारण ही आज हम रजत जयंती मना पा रहे हैं। यह समय आत्ममंथन का भी है कि आगे किन क्षेत्रों में और सुधार की आवश्यकता है। आयुक्त ने बताया कि राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। लिपुलेख तक सड़क संपर्क, पिथौरागढ़ एयर कनेक्टिविटी, अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का संचालन और जमरानी बांध परियोजना का निर्माण जैसे कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीव्र शहरीकरण के साथ सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसी चुनौतियाँ सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। आयुक्त ने कहा कि राज्य का भविष्य “इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन” पर निर्भर करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड इकोलॉजिकल कैपिटल, स्पिरिचुअल कैपिटल और ऑर्गेनिक फार्मिंग की कैपिटल के रूप में पहचान बनाएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने राज्य आंदोलन के संघर्षों को याद किया और बीते 25 वर्षों में हुए विकास की चर्चा की। उन्होंने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले 25 वर्षों में संघर्ष, संकल्प और सृजनशीलता के मार्ग पर निरंतर प्रगति की है। राज्य की आर्थिक वृद्धि दर चार गुना बढ़ी है, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा राज्य की औसत आयु 71 वर्ष तक पहुंच चुकी है। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2047 तक के लिए राज्य का विकास रोडमैप तैयार किया जा चुका है, जिसके सफल क्रियान्वयन में शासन, प्रशासन और जनता की सामूहिक भूमिका अहम होगी। कार्यक्रम में पाँच विद्यालयों की बैंड प्रतियोगिता आयोजित हुई, जबकि सूचना विभाग के सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विभिन्न विभागों एवं महिला समूहों द्वारा लगाए गए 24 स्टॉलों का निरीक्षण आयुक्त और अधिकारियों ने किया।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ रंगकर्मी एवं आंदोलनकारी जहूर आलम, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एपीडी चंदा फर्त्याल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक, सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे। इससे पूर्व अधिकारियों ने जू रोड स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours