स्थानीय लोग परेशान; गौशाला भेजने की मांग जोर पकड़ रही
भीमताल । नगर पालिका क्षेत्र भीमताल में सड़कों पर बेखौफ घूम रहे आवारा गाय-बैल स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए लगातार परेशानी का सबब बने हुए हैं। महरा गाँव, खुटानी से लेकर नौकुचियाताल तक मुख्य मार्गों पर बड़े सींग वाले बैल आपस में भिड़ते दिखाई देते हैं, जिससे बाजार क्षेत्र और भीड़भाड़ वाली जगहों पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
इसी समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय पहुँचकर अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि नगर क्षेत्र में घूम रहे सभी आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशाला भेजा जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आश्वस्त किया कि आवारा पशुओं को पकड़ने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा, “बहुत जल्द टीम गठित कर इन पशुओं को सड़कों से हटाकर शहर से बाहर स्थित गौशाला में भेजा जाएगा।”
स्थानीय लोगों ने बताया कि इन पशुओं के कारण अक्सर दुर्घटनाएँ होते-होते बचती हैं, जिससे भीमताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोग अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
भीमताल नगर पालिका की आगामी कार्रवाई पर अब क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हैं।

+ There are no comments
Add yours