देहरादून। विजिलेंस ने रुड़की के तहसीलदार के पेशकार रोहित को दस हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी, मुरूगेसन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री न0 1064 पर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन की कृषि भूमि का वाद न्यायालय तहसीलदार रुड़की में चल रहा था, जिसमें 24 मार्च 25 को न्यायालय द्वारा एक पक्षीय आदेश कर दिये गये, जिस कारण उनके द्वारा 21 अप्रैल 25 को एक रेस्टोरेशन प्रार्थना पत्र पुनः सुनवाई हेतु दिया गया था। इस पत्रावली पर कार्यवाही करने के एवज मे अपर तहसीलदार रूड़की के पेशकार रोहित द्वारा 25,000 रिश्वत की माँग की जा रही है।
इस शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम द्वारा आज अभियुक्त रोहित पुत्र रामपाल सिंह निवासी मकान न0 273 ग्राम कस्बा रुड़की, थाना रूड़की जनपद हरिद्वार, को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए अपर तहसीलदार कार्यालय रुड़की से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम द्वारा अभियुक्त के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में पूछताछ जारी है।

+ There are no comments
Add yours