भीमताल। सरस्वती पब्लिक स्कूल, निशौला में कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल्स की भव्य प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें कुल 75 मॉडल्स प्रदर्शित किए गए। बाल वैज्ञानिकों की रचनात्मक सोच और विज्ञान के प्रति उत्साह को देखते हुए अभिभावक और निर्णायक मंडल विशेष रूप से प्रभावित नजर आए।
प्रदर्शनी का उद्घाटन विरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल के हरेन्द्र सिंह बोरा, राकेश पांडेय, डॉ. तनुजा डोभाल, विद्यालय के निदेशक हरीश चंद्र सिंह रौतेला, प्रधानाचार्या गीता रौतेला और पीटीए अध्यक्ष राम पाल सिंह गंगोला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निदेशक रौतेला ने निर्णायकों और पीटीए कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए कहा कि बाल वैज्ञानिकों के प्रयासों को उचित प्रोत्साहन देकर उनमें विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार की अलख जगाई जा सकती है।
कला प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का मूल्यांकन भी डॉ. तनुजा डोभाल द्वारा किया गया। मूल्यांकन के पश्चात निर्णायकों, पीटीए अध्यक्ष, सदस्यों और अभिभावकों ने बच्चों की कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने निर्णायक मंडल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विज्ञान प्रदर्शनी और कला प्रतियोगिता को सफल बनाने में उप-प्रधानाचार्य पुष्पा सुयाल, मनीषा कनवाल, कोमल सनवाल, संजय बिष्ट, नूविन जोशी, कुसुम भगवाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल्स के माध्यम से अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं जूनियर एवं सीनियर वर्ग की कला प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता ने सभी को प्रभावित किया। प्रदर्शनी के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

+ There are no comments
Add yours