भीमताल। मेरा युवा भारत नैनीताल द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना और कुमाऊँ विश्वविद्यालय के समन्वय से 25 फरवरी 2026 को डीएसबी परिसर, नैनीताल के सभागार में ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों से आए 50 से अधिक युवाओं ने “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। युवाओं ने लोकतंत्र, संविधान और जनभागीदारी जैसे विषयों पर गंभीर चिंतन रखा।
उद्घाटन सत्र में प्रो. संजय पंत (डीएसडब्ल्यू), प्रो. ललित तिवारी, डॉ. शिवांगी चन्याल (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी) एवं डॉल्वी तेवतिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. हरि प्रिया पाठक, डॉ. नवीन चंद्र पांडेय तथा अंचल पंत शामिल रहे।
उपनिदेशक मेरा युवा भारत नैनीताल, श्रीमती डॉल्वी तेवतिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि “विकसित भारत युवा संसद” का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। यह मंच युवाओं को समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर संवाद और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।
प्रो. ललित तिवारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं और शिक्षा, नवाचार, लोकतांत्रिक सहभागिता व सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से वे विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। नैतिक नेतृत्व और जनभागीदारी से ही समावेशी एवं आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य साकार होगा।
प्रतियोगिता में 50 प्रतिभागियों में से शीर्ष पांच—अर्नव त्रिपाठी, नकुल देव साह, नंदिनी जोशी, प्राची जोशी एवं दिपांशु—का चयन राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 के लिए किया गया। चयनित प्रतिभागी देहरादून स्थित विधानसभा में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। शीर्ष 10 में कार्तिकेय, दीपक, तिलक, निहारिका एवं लक्षा ने भी स्थान बनाया।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि दर्जा मंत्री शांति मेहरा ने विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने विकसित भारत 2047 की अवधारणा पर अपने विचार रखते हुए कहा कि समावेशी विकास, सशक्त लोकतंत्र, तकनीकी नवाचार और सामाजिक न्याय के आधार पर ही भारत वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर होगा। युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस लक्ष्य की कुंजी है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी चन्याल एवं प्रो. ललित तिवारी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

+ There are no comments
Add yours