वन्यजीव-मानव संघर्ष पर सख्ती: सांसद अजय भट्ट ने दिए ठोस कदम उठाने के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल , 06 अप्रैल। जनपद में वन्यजीवों के हमलों से बढ़ रही जनहानि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सर्किट हाउस काठगोदाम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद अजय भट्ट ने की, जिसमें वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
सांसद भट्ट ने स्पष्ट कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया, जिससे लोग सतर्क और जागरूक हो सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जाए तथा पर्वतीय इलाकों में झाड़ियों का नियमित कटान किया जाए। साथ ही जंगल में जाने वाले लोगों को समूह में जाने और निर्धारित समय का पालन करने की सलाह दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग द्वारा गार्ड की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्वनी पाटिल को निर्देशित किया गया कि वन आच्छादित क्षेत्रों के गांवों में सोलर लाइट, झाड़ी कटान और चारा वितरण की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा, सड़कों के किनारे झाड़ियों की सफाई और जंगल जाने वाले लोगों को जलौनी लकड़ी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य वन संरक्षक तेजस्वनी पाटिल ने बताया कि विभाग वन्यजीव घटनाओं को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। वर्ष 2025 में जनपद नैनीताल में वन्यजीवों और सांप के कारण 27 लोगों की मौत हुई, जिन सभी को विभाग द्वारा सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा तथा वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को चारा और जलौनी लकड़ी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सोलर लाइट और सोलर फेंसिंग लगाने का कार्य भी जारी है।
बैठक में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours