भीमताल , 4 अप्रैल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
समिति ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 6 नए गौसदनों की स्थापना को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र भूमि चयन कर आगणन तैयार करने और निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में मालधन चौड़, गोलापार और श्री कैंचीधाम क्षेत्र में प्रस्तावित तीन गौशालाओं की डीपीआर तैयार कर बजट आवंटन जिला खनिज न्यास निधि से करने की स्वीकृति दी गई। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत द्वारा निराश्रित पशुओं को गौसदन तक पहुंचाने के लिए कैचर लिफ्टिंग वाहन अब तक नहीं खरीदे जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए मालधन चौड़ में गौशाला निर्माण तेजी से कराने और ग्रामीण क्षेत्रों के निराश्रित पशुओं को गौसदनों में स्थानांतरित करने को कहा।
भूमि चयन को लेकर जिलाधिकारी ने गोलापार में बड़े गौसदन के लिए उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को निर्देशित किया। वहीं, भीमताल में गौशाला निर्माण के लिए उप जिलाधिकारी नैनीताल और श्री कैंचीधाम के खैरना क्षेत्र में भूमि चयन के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
गौसदनों के निर्माण के लिए जिला पंचायत नैनीताल, नगर पालिका भीमताल और नगर पालिका भवाली को कार्यदाई संस्था नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में निराश्रित गोवंश को गौसदनों तक पहुंचाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक क्षेत्र में ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौसदनों के संचालन हेतु तत्काल विज्ञप्ति जारी करने और प्राप्त प्रस्तावों को शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश और निराश्रित पशुओं के कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों और आम जनता तक पहुंचाई जाए।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. केसी जोशी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित नगर निकायों और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours