सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर तुरंत हो एफआईआर, जमीन धोखाधड़ी पर भी होगी कड़ी कार्रवाई
भीमताल : कुमाऊं आयुक्त व मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल स्थित कमिश्नरी कार्यालय में ऊधम सिंह नगर जनपद के जमीन से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जमीनी विवाद, धोखाधड़ी और अतिक्रमण के मामलों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन भदोरिया, डिप्टी कलेक्टर जीवन सिंह नग्न्याल, डीएफओ किच्छा, उप जिलाधिकारी रुद्रपुर व किच्छा, ईई पीडब्ल्यूडी किच्छा और पंतनगर विश्वविद्यालय के निदेशक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि जमीनी विवादों को हल्के में नहीं लिया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में भू-राजस्व नक्शा निकलवाकर दस्तावेजों की गहन जांच के बाद साक्ष्य के आधार पर विवादों का वैधानिक समाधान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भूमि से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और लैंड फ्रॉड में लिप्त लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि वन विभाग, राजस्व विभाग, पंतनगर विश्वविद्यालय और लोक निर्माण विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण के दौरान नगला क्षेत्र की आरक्षित वन भूमि पर अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और शीघ्र अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours