गैस आपूर्ति में लापरवाही पर सख्ती, होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश

Estimated read time 0 min read





भीमताल , 28 मार्च। नगर निगम सभागार हल्द्वानी में गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने गैस एजेंसी प्रबंधकों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडेन गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गैस वितरण पूरी तरह नियमानुसार किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को असुविधा से बचाने के लिए होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में न लगना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी एजेंसियां बुकिंग के आधार पर ही गैस सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने दें। साथ ही निर्देश दिए कि डिलीवरी बॉय अपने फोन स्विच ऑफ न रखें और उपभोक्ताओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखें।
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति कुल आवंटन का करीब 20 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर औसतन 40 प्रतिशत तक करने के प्रयास किए जाएं, ताकि मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहे।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गैस वितरण प्रणाली पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए, जिससे आमजन को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है और अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, विपिन जोशी सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रबंधक और कर्मचारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours