त्योहारों पर मिलावटखोरों पर सख्ती: कालाढूंगी में खाद्य विभाग की कार्रवाई, चार नमूने जांच को भेजे

Estimated read time 0 min read





भीमताल । शासन के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम के लिए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि गुरुवार को कालाढूंगी के नयागांव टी प्वाइंट पर निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसके तहत दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान चार वाहनों से लगभग दो क्विंटल खोया और 200 लीटर से अधिक दूध बरामद किया गया। संदेह के आधार पर तीन खोया और एक दूध के नमूने एकत्र कर लैब जांच हेतु भेजे गए हैं। ये सभी खाद्य पदार्थ त्योहारी मांग को देखते हुए विशेष निगरानी में रखे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री विक्रय करने, बिना बिल खरीदारी से बचने और स्टॉक का पूरा विवरण रखने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा। दोषी पाए जाने पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर जनपद में संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो प्रतिदिन निरीक्षण कर रही हैं और अपनी रिपोर्ट शासन को भेज रही हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंद किशोर (हल्द्वानी) और पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours