हरिद्वार। हरिद्वार में आज सुबह मनसा देवी पैदल मार्ग पर भगदड़ मचने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई तथा 15 श्रद्धालु घायल हो गए। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रशासन के अफसरों का कहना है कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना की।
मनसा देवी मंदिर में रोजाना श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। आज रविवार की छुट्टी के कारण आज मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की तादाद और दिनों से अधिक थी। इसी दौरान पैदल रास्ते में अचानक भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे को धक्का देकर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच कई लोग नीचे गिर गए और कुचल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने इस हादसे छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है।

+ There are no comments
Add yours