लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में रजत जयंती समारोह धूमधाम से मनाया

सांस्कृतिक, खेल और अकादमिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

भीमताल। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल में विद्यालय का रजत जयंती समारोह ‘विरासत’ बेहद धूमधाम और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। अवसर पर विविध सांस्कृतिक, खेल एवं कौशल आधारित प्रस्तुतियों ने विद्यालय की 25 वर्ष की समृद्ध यात्रा को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडमिरल टंडन (रिटायर्ड) (पीपीएसएम, एवीएसएम) तथा विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रथम बैच के टॉपर डॉ. सलभ अग्रवाल (एमबीबीएस, एमएस, यूरोलॉजी) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने प्रातःकाल स्वागत गीत और गार्ड ऑफ ऑनर के माध्यम से मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया तथा विभिन्न ड्रिलिंग गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद कक्षा 12 के छात्र एवं ‘गन्धर्व भूषण’ सम्मान से सम्मानित हर्षित कुमार ने सितार वादन व गायन के माध्यम से शिव वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिमनास्टिक, आग के रिंग से निकलने, जूडो कराटे और विभिन्न योगासनों का आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शक दीर्घा से भरपूर सराहना प्राप्त की। इसके उपरांत देश की एकता और अखंडता की झलक प्रस्तुत करते हुए विभिन्न प्रांतों की संस्कृति को गीतों और नृत्यों के माध्यम से मंचित किया गया। कार्यक्रम में कुमाऊनी, झारखंड का संथाली, गोवा, राजस्थान का घूमर, मिजोरम का बैम्बू डांस, पंजाब का भांगड़ा, महाराष्ट्र की लावणी, शास्त्रीय एवं पॉप डांस, कुमाऊनी, कजरी, गढ़वाली, बंगाली, हिमाचली, कव्वाली, हिंदी देशभक्ति गीतों के साथ विद्यालय ऑर्केस्ट्रा की सुंदर प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी ने मंच से विद्यालय की 25 वर्ष की शैक्षिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यचर्या यात्रा पर आधारित विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेलों और अन्य क्षेत्रों में विद्यार्थियों की सफलता के बारे में जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सलभ अग्रवाल ने विद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और अवसरों का पूरा लाभ उठाने, अनुशासन व परिश्रम को जीवन में उतारने तथा अपने भविष्य की दिशा सोच-समझकर चुनने की अपील की। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एडमिरल टंडन ने पूरे कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वे पूरे भारत की सांस्कृतिक यात्रा पर हों या किसी भव्य फिल्म फेयर अवॉर्ड समारोह का सजीव मंचन देख रहे हों। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और शारीरिक कौशल को भी अपने व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष और हाल के शैक्षिक एवं खेल सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अर्पिता राणा, कक्षा 12 के टॉपर कुनाल सिंह, सीनियर वर्ग एथलेटिक्स बालक वर्ग में सौरव सिंह, बालिका वर्ग में पल्लवी सिंह चौहान, जूनियर वर्ग बालक वर्ग में संजीब चौधरी, बालिका वर्ग में काव्या सनवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करते हुए ऑलराउंडर के रूप में पहचान बनाने वाली पल्लवी सिंह चौहान, द्रौपदी का जीवंत अभिनय करने वाली आस्था चनौतिया, उत्कृष्ट उद्घोषक सागनिक डे, दिव्या भैसोड़ा, श्रुतिकीर्ति वर्मा तथा सितार वादन से विद्यालय का नाम देशभर में रोशन करने वाले ‘गन्धर्व भूषण’ हर्षित कुमार को भी सम्मान से नवाजा गया। विद्यालय के प्रथम बैच के उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष अशोक पाल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए प्रधानाचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों, प्रबंधन वर्ग, अभिभावकों तथा विद्यालय के 25 वर्ष के निरंतर विकास और प्रगति में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नैनीताल, भीमताल तथा आसपास के विद्यालयों के प्रधानाचार्य, सम्मानित नागरिक, पूर्व छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours