कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा: भीमताल और भवाली से शटल सेवा शुरू

Estimated read time 0 min read





भीमताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए 26 मार्च से शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
इस नई व्यवस्था के तहत, कैंची धाम आने वाले सभी पर्यटकों को अपने निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करना होगा, जिसके बाद वे शटल सेवा का उपयोग कर मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम की ओर जाने वाले वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष पार्किंग स्थलों का चयन किया है।भीमताल मार्ग से आने वाले श्रद्धालु – अपने वाहन इंडस्ट्रियल एरिया भीमताल पार्किंग स्थल में पार्क करेंगे और वहां से शटल सेवा लेकर कैंची धाम पहुँचेंगे।भवाली मार्ग से आने वाले श्रद्धालु – अपने वाहन भवाली सेनेटोरियम के पास स्थित कैंची बाईपास (1.5 किमी पार्किंग स्थल) में पार्क करेंगे और वहां से शटल लेकर धाम तक पहुँचेंगे। सामान्य दिनों में सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
और वीकेंड और त्योहारों में सुबह 7:00 बजे से रात 8:00 बजे तक शटल सेवा जारी रहेगी।भारी वाहनों का आवागमन वीकेंड और त्योहारों पर सुबह 8:00 बजे से रात 9:00 बजे तक पूर्णतह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे इस नई यातायात व्यवस्था का पालन करें और अपने वाहन तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। यह कदम कैंची धाम जाने वाले सभी लोगों के सुगम दर्शन और यातायात को सुचारु बनाने के लिए उठाया गया है।
हाल ही में, कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने भवाली क्षेत्र का निरीक्षण कर यातायात की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल प्रभाव से शटल सेवा और पार्किंग व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours