भीमताल। लघु सिंचाई विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के दौरान वे भीमताल ब्लॉक के सिलडी गांव के घटगाड़ तोक पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें लघु सिंचाई विभाग की एक योजना में हुए भारी भ्रष्टाचार की जानकारी दी।
ग्रामीणों की शिकायत पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मौके पर पूरी योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं को देखकर वे स्तब्ध रह गए। मनोज शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व आई आपदा में सिलडी घटगाड़ क्षेत्र की सिंचाई गूल बह गई थी। इसके बाद ग्रामीणों के अथक प्रयासों से नई योजना स्वीकृत कराई गई, जिसमें गूल के स्थान पर लोहे के बड़े पाइप लगाए जाने का प्रावधान था।
उन्होंने आरोप लगाया कि योजना में घोटाला यहीं से शुरू हो गया, जब लोहे के पाइपों के स्थान पर घटिया गुणवत्ता के प्लास्टिक पाइप लगा दिए गए। पूरी योजना में कहीं भी चैम्बर का निर्माण नहीं किया गया। पाइपों के जॉइंट तक अवैज्ञानिक तरीके से बिसलेरी की बोतलों के सहारे जोड़े गए, जो गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार को दर्शाता है।
शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों ने संबंधित जूनियर इंजीनियर से घटिया गुणवत्ता की लगातार शिकायत की, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने ठेकेदार से मिलीभगत कर पहले ही कमीशन ले लिया था। इसके बाद ग्रामीणों को गुमराह करते हुए केवल दिखावटी लीपापोती कर दी गई। इस पूरे प्रकरण में जनता के टैक्स के लाखों रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए।
कांग्रेस नेता ने बताया कि उन्होंने पूरी योजना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उच्च अधिकारियों को भेजी है। निरीक्षण के दौरान ही उन्होंने अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई विभाग से फोन पर बात कर पूरे मामले से अवगत कराया और कहा कि इस तरह का कार्य तो नेपाल जैसे देश में भी नहीं होता, यहां पूरी योजना को ही समाप्त कर दिया गया है।
शर्मा ने अधिशासी अभियंता से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और जनप्रतिनिधि केवल हवाई दौरों और झूठे आश्वासनों तक सीमित रह गए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उत्तराखंड में भाजपा सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार का यह सैंपल वीडियो महामहिम राष्ट्रपति महोदया को भेजेंगे। मनोज शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जब तक पूरे भ्रष्टाचार के जिम्मेदारों पर कठोरतम कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

+ There are no comments
Add yours