भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिहीन रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज सभागार, हल्द्वानी में एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें विकास खंड हल्द्वानी के सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी, तथा मतदान अधिकारी (प्रथम से चतुर्थ) को सैद्धांतिक व व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 1085 पीठासीन अधिकारियों समेत संबंधित मजिस्ट्रेटों ने सहभागिता की। जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने अधिकारियों को उनके कर्तव्यों, दायित्वों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े व्यवहारिक पक्षों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों के साथ मजबूत समन्वय बनाए रखें। डीवीओ ने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक अपने आरओ, एआरओ और संबंधित प्रभारियों के संपर्क में बने रहें। किसी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार न करें, समय पर मतदान केंद्र पहुंचें, और किसी भी समस्या की स्थिति में शीघ्र उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा मतपेटी सीलिंग, मतदाता सूची, मतपत्र लेखा, टेंडर वोट, अभिकर्ता नियुक्ति, मतदान केंद्र की व्यवस्था, मतदान पर्ची वितरण, मतदान की विधि, प्रत्येक घंटे की रिपोर्टिंग, और मतदान समाप्ति के बाद की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। जिला विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि आगामी मंगलवार को कोटाबाग व भीमताल विकास खंडों के चुनाव कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर एच.बी. चंद (प्रभारी मास्टर ट्रेनर), राजेंद्र पांडे (नोडल मतपेटी अधिकारी) सहित जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सभी मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours