रतनपुर और भीमपुरी में जलभराव व क्षति का लिया जायजा, संबंधित विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
भीमताल : ग्राम रतनपुर एवं भीमपुरी में बीते 24 घंटों से हो रही लगातार अत्यधिक वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। जलभराव, क्षतिग्रस्त मार्गों एवं आवागमन में आ रही दिक्कतों की जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी कालाढूंगी परितोष वर्मा ने रविवार को मौके पर पहुंचकर दोनों क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया तथा बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि भारी बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, कुछ कच्चे घरों को आंशिक नुकसान भी पहुंचा है। एसडीएम परितोष वर्मा ने राजस्व विभाग की टीम को निर्देशित किया कि नुकसान का तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही बिजली, जल संस्थान एवं ग्राम पंचायत स्तर पर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि ऐसे मौसम में क्षेत्रीय सतर्कता बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें। एसडीएम ने कहा कि जन सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने जल निकासी के अस्थायी उपाय करने तथा आवश्यक स्थानों पर बालू की बोरियां रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम प्रधान, और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours