टेस्ट खरीद में पकड़ा बड़ा कर घोटाला, 9 लाख का बिना बिल माल जब्त

Estimated read time 0 min read





भीमताल । राज्य में कर अपवंचन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य कर विभाग, विशेष अनुसंधान इकाई हल्द्वानी ने लेन संख्या 1, मंगलपड़ाव स्थित एक फर्म पर छापा मार कार्रवाई की। जांच अपर आयुक्त राज्य कर कुमाऊँ जोन रुद्रपुर राकेश वर्मा और संयुक्त आयुक्त एसएसटी हल्द्वानी के निर्देश पर 26 सितंबर को की गई।
जांच में पाया गया कि उक्त फर्म पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से जीएसटी जमा नहीं कर रही थी। छोटे और मिनी वाहनों के माध्यम से बोरी, तम्बाकू सहित अन्य सिन गुड्स की आपूर्ति विभिन्न व्यापारियों तक की जा रही थी।
टेस्ट परचेज में खुली पोल
विभाग द्वारा कई टेस्ट खरीद कर सत्यापन किया गया, जिसमें खुलासा हुआ कि फर्म बिना बिल और बिना जीएसटी के तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट आदि की मोटी बिक्री कर रही थी। जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी और वास्तविक कारोबार में भारी अंतर पाया गया।
9 लाख का स्टॉक जब्त, 7 लाख कैश जमा
जांच के दौरान विभागीय टीम ने 9 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सिन गुड्स स्टॉक मौके से बरामद किया। साथ ही फर्म संचालक द्वारा 7 लाख रुपये की कर राशि नकद के रूप में जमा कराई गई। प्राप्त स्टॉक एवं दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

भविष्य में नियमित अनुपालन के निर्देश
विभाग ने व्यापारी को चेतावनी देते हुए जीएसटी एक्ट का पालन कर नियमित व्यापार संचालन करने की हिदायत दी है। उपायुक्त हेमलता शुक्ला ने बताया कि संबंधित फर्म के विरुद्ध जांच जारी रहेगी और अन्य सिन गुड्स कारोबारियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में उपायुक्त हेमलता शुक्ला, सहायक आयुक्त दीपक कुमार, सहायक आयुक्त सूरज सिंह, राज्य कर अधिकारी राम टम्टा और आशीष अग्रवाल शामिल रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours