6 नवंबर को हल्द्वानी में होगा भव्य सैनिक सम्मेलन, तीन जिलों के पूर्व सैनिक होंगे शामिल
भीमताल । उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ रजत जयंती के अवसर पर 1 से 9 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 6 नवंबर को हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज मैदान में सैनिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में नैनीताल, उधमसिंह नगर व अल्मोड़ा जिलों के पूर्व सैनिक, सैनिक संगठन तथा वीर नारियाँ प्रतिभाग करेंगी। सैनिक सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को सैनिक कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री गणेश जोशी हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एमबी इंटर कॉलेज मैदान का निरीक्षण कर मंच व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री जोशी ने नगर निगम सभागार में सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, सेना अधिकारियों व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि सैनिक सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं व सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने संबंधित जिलों के जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल हों, इसके लिए व्यक्तिगत संपर्क किया जाए। गणेश जोशी ने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं का द्वार है, और यहां सम्मेलन का आयोजन गर्व की बात है। हमारा राज्य सैन्य बाहुल्य है, इसलिए सैनिकों के सम्मान में होने वाला यह आयोजन पूरे देश को प्रेरणा देगा। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और वीर नारियों को समय से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, दायित्वधारी दिनेश आर्य, तथा सेना अधिकारी कर्नल पृथ्वीराज (हल्द्वानी सेना परिसर), मेजर आशीष (केआरसी रानीखेत) सहित कई अधिकारी एवं पूर्व सैनिक संगठन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours