भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के ग्रामीणों को जल्द ही ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिल सकती है। बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मदन परगाई ने सांसद अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपकर हल्द्वानी से खनस्यूं व पतलोट तक रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की। मदन परगाई ने कहा कि क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की कमी के चलते ग्रामीणों को निजी वाहनों में खतरनाक ढंग से सफर करना पड़ता है। ओवरलोडिंग के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। यदि रोडवेज की बसें चलने लगेंगी, तो न केवल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। सांसद अजय भट्ट ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री से शीघ्र वार्ता कर बस सेवा शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही बस सेवा शुरू होकर उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

+ There are no comments
Add yours