भीमताल। ओखलकांडा विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार गलनी (खनस्यूं) में विकासखंड के समस्त हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों व प्रधानाचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली के निर्देश एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख, खंड शिक्षा अधिकारी तथा विद्यालय प्रमुखों के बीच परस्पर संवाद के माध्यम से विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालय भवनों की वर्तमान स्थिति, छात्रों के लिए प्राप्त होने वाली धनराशि एवं उसके समुचित उपयोग पर चर्चा की गई। साथ ही पतलोट एवं भीड़ापानी स्थित पीएम श्री विद्यालयों को विभिन्न मदों में प्राप्त बजट के उपयोग और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली ने कहा कि पंचायती राज अधिनियम में वर्णित 29 विषयों के अंतर्गत ब्लॉक प्रमुखों द्वारा विभागीय समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिससे विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित होता है और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ब्लॉक प्रमुख ने सभी प्रधानाचार्यों से शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए तथा बताया कि वर्ष में दो बार इस प्रकार की शिक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी सुलोहिता नेगी ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी विद्यालयों एवं पीएम श्री विद्यालयों को प्राप्त बजट के पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विकासखंड के समस्त हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours