हल्द्वानी में ADB परियोजना की समीक्षा बैठक

Estimated read time 1 min read





खुले पिट और धीमे कार्यों पर आयुक्त ने जताई सख्ती

भीमताल : आयुक्त कुमाऊं एवं माननीय मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) परियोजना के अंतर्गत नगर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में परियोजना अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 302 किलोमीटर पेयजल लाइन और 50 किलोमीटर सीवर लाइन का कार्य पूरा किया जा चुका है। दो जलाशयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि छह नलकूपों में बोरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। यह भी बताया गया कि निर्माण कार्यों के चलते 250 किलोमीटर सड़कों पर प्रभाव पड़ा, जिनमें से 65 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण तथा 70 किलोमीटर में सर्फेसिंग कार्य किया जा चुका है। चार जलाशयों हेतु वन विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है और पेड़ कटान की प्रक्रिया गतिमान है। रविवार को आयुक्त को अम्बा नगर फेज-1 क्षेत्र में जलभराव और कार्य ठप रहने की शिकायत प्राप्त हुई थी। निरीक्षण में पाया गया कि ADB द्वारा खोदा गया पिट खुला पड़ा था, जिससे जलभराव और जोखिम की स्थिति उत्पन्न हुई। आयुक्त ने इस लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाएं भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी गड्ढे या खुले पिट हों, उन्हें तुरंत बेरिकेड्स कर चिन्हित किया जाए ताकि बारिश में दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके। आयुक्त ने कहा, “अगर पिट पानी से भर गया तो आवागमन करने वालों को खतरा हो सकता है। ऐसी स्थिति बिल्कुल न आने दी जाए।”
रावत ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गति लाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कार्यदायी संस्था से पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
परियोजना के प्रबंधक कुलदीप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours