गुलाब घाटी और रानीबाग में जाम से मिलेगी राहत, सड़कों का होगा चौड़ीकरण

Estimated read time 1 min read





भीमताल : पर्यटन सीजन में गुलाब घाटी और रानीबाग क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से अब जल्द राहत मिलने वाली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा के निर्देश पर इन दोनों संवेदनशील स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्य किए जाएंगे। इसके लिए एनएच द्वारा डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है।
सर्किट हाउस में हुई उच्च स्तरीय बैठक
बुधवार को सर्किट हाउस में सड़क संबंधी समस्याओं और परियोजनाओं को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जिसमें लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री टम्टा ने हल्द्वानी से कैंचीधाम तक पर्यटन सीजन में लगने वाले जाम पर चिंता जताते हुए तत्काल प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने गुलाब घाटी और रानीबाग क्षेत्र में जाम की गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए इन स्थलों पर सड़क सुधार और चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही कलसिया नाले पर अधिक भार क्षमता वाला स्थायी पुल (मॉडल ब्रिज) बनाए जाने का सुझाव भी दिया।
बैठक के बाद एनएच के अधिकारी और जिला प्रशासन की टीम ने अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय के नेतृत्व में रानीबाग से ज्योलीकोट तक सड़क का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता एनएच प्रवीण कुमार ने बताया कि रानीबाग पुल के आगे करीब 100 मीटर क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर 3 मीटर तक चौड़ीकरण संभव है। वहीं, भीमताल-भवाली मार्ग पर 20-25 मीटर का हिस्सा बिना ड्रेनेज के मलबा भरकर समतल किया जा सकता है।
गुलाब घाटी क्षेत्र में गौला नदी के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिससे सड़क चौड़ी करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा सकेगा। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
एनएच अधिकारियों ने जानकारी दी कि कलसिया नाले पर अधिक भार क्षमता का मॉडल ब्रिज बनाए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा जा रहा है। मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, एनएच और प्रशासन की टीम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours