भीमताल, 24 फरवरी। राज्य में डिजिटल कृषि मिशन के अंतर्गत संचालित एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों का पंजीकरण अनिवार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि एग्रीस्टैक में पंजीकरण होने से किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि ऋण, सब्सिडी तथा बीज एवं उर्वरक का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने जनपद में अपेक्षानुसार पंजीकरण की कम प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला सहायक निबंधक को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने राजस्व परिषद के निर्देशों के क्रम में सहकारिता, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि एग्रीस्टैक योजना एक डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य देश में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाना और किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस मंच के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण, उच्च गुणवत्ता वाले कृषि इनपुट, स्थानीय एवं विशेषज्ञ परामर्श तथा बाजारों तक अधिक सुविधाजनक और जानकारीपूर्ण पहुंच प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते एग्रीस्टैक योजना में अपना पंजीकरण कराकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

+ There are no comments
Add yours